शांति समिति:दीपावली व छठ महापर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पटखौली थाना परिसर में शांति समिति की हुई बैठक
दीपावली व छठ महापर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने के साथ ही प्रशासन व पुलिस को सहयोग करने का अपील किया गया–सीओ दीपक कुमार
किसी भी तरह के अशांति फैलाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा-पटखौली थानाध्यक्ष
अशांति फैलाने वाले असमाजिक तत्वों व जुआरियों पर विशेष नजर रखी जाएगी
भास्कर दिवाकर
बगहा।दीपावली व छठ महापर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पटखौली थाना परिसर में शुक्रवार को अंचलाधिकारी दीपक कुमार और थानाध्यक्ष नितेश कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बगहा नगर क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों,वार्ड पार्षदों और बुद्धिजीवियों को दीपावली व छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई।दीपावली एवं आस्था का महापर्व छठ के त्योहार को आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं। पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे इसके लिए पटखौली थाना क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष गश्ती दल का गठन किया गया है।दीपावली में पटाखे समय के अनुसार छोड़ना है। डीजे बजाने पर रोक है। दुकानदारों से अपील किया गया है कि बिना लाइसेंस का कोई दुकानदार पटाखा नहीं बेचे। पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बच्चे द्वारा पटाखे छोड़ते समय अभिभावक विशेष सावधानियां बरतेंगे।सीओ दीपक कुमार ने सभी जनप्रतिनिधियों व बुद्धिजीवियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली व महापर्व छठ पूजा शांति समृद्धि और सदभाव का त्योहार है।इसे सभी लोग हर्षोल्लास के साथ मनाएं। सीओ ने दीपावली व छठ महापर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए प्रशासन व पुलिस को सहयोग करने का अपील किए।उन्होंने कहा की दीपावली व छठ के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। दोनो त्यौहार में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे।दीपावली और छठ महापर्व के साथ साथ विसर्जन के दौरान गड़बड़ी फैलाने वाले और शराबियों,जुआरियों और अन्य असमाजिक तत्त्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया जाएगा,खतरनाक घाटों को चिह्नित कर बेरियर और सुरक्षा के प्रबंध किए जाएंगे। पटखौली थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने कहा कि दीपावली और छठ महापर्व में अशांति फैलाने वाले असमाजिक तत्वों व जुआरियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी तरह के अशांति फैलाने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। त्योहार में अशांति फैलाने वालों असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने को तत्काल सूचित करें ताकि उस पर ससमय कार्रवाई की जा सके।थानाध्यक्ष ने कहा कि अगर कोई स्थान संवेदनशील हो तो वे इसकी जानकारी पुलिस को दें। वही पटखौली थाना क्षेत्र के सभी संवेदनशील जगहों पर पुलिस बलों की तैनाती भी की जाएगी और साथ ही पुलिस क्षेत्रों में लगातार गश्ती करते रहेंगे।बैठक में सभापति प्रतिनिधि पप्पू गुप्ता, वार्ड पार्षद,सहित अन्य जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी लोग उपस्थित थे।