बगहा एसपी ने वाल्मीकिनगर थाना का किया औचक निरीक्षण,दिया कई आवश्यक दिशा- निर्देश ।
बगहा एसपी ने वाल्मीकिनगर थाना का किया औचक निरीक्षण,दिया गया कई आवश्यक दिशा- निर्देश ।
वाल्मीकिनगर थाना थाना परिसर में पौधारोपण व साफ- सफाई सहित दिये कई आवश्यक दिशा- निर्देश
बिहार डेस्क/निज संवाददाता
बगहा। पुलिस अधीक्षक,बगहा सुशांत कुमार सरोज ने बुधवार को वाल्मीकिनगर थाने का औचक निरीक्षण किया। थाना परिसर में पहुंचे एसपी को बीएमपी जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बेहतर टर्न आउट के लिए पुलिस कप्तान ने बीएमपी के अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना के कार्यालय कक्ष, सिरिस्ता, पुरुष बंदी गृह, महिला हाजत, जेनेरेटर कक्ष, आदि का निरीक्षण किया। साथ ही बंद पड़े मालखाने की बाबत जानकारी लेते हुए बताया कि मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर मालखाने के ताले को तोड़ कर उसे उपयोग में लाने की ताकीद की।एसपी ने थानाध्यक्ष को थाना परिसर में पौधारोपण के लिए निर्देशित किया।उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखना बहुत जरूरी है।उन्होंने अनुसंधान कक्ष सेपरेट रखने का निर्देश दिया, ताकि अनुसंधान में बेहतर परिणाम प्राप्त हो सके। पुलिस कसान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के द्वारा सभी थानों का वार्षिक निरीक्षण किया जाता है। वहीं सर्किल इंस्पेक्टर के द्वारा साल में दो बार निरीक्षण किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर सिरिस्ता पंजी, कितना संधारित है, इसकी जांच की जाती है। थाने में दर्ज कितने कांड लंबित हैं। कितने का निष्पादन हो चुका है। इसके अलावा वारंट, कुर्की, फरियादियों की जन शिकायत की स्थिति, अपराध और अपराधियों की समीक्षा, कितने कांडों का उद्भेदन हो चुका है। इन सभी मामलों की जांच की जाती है। किसी भी मामले में लापरवाही बरतने पर उक्त कमी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई तय है। एसपी श्री सरोज ने बताया कि बगहा पुलिस जिले के सभी थानों के कर्मियों को सप्ताह में दो दिन रविवार और शुक्रवार को साफ सफाई और फिटनेस के लिए व्यायाम योग के माध्यम से खुद को स्वस्थ रखने के लिए निर्देशित किया गया है। साथ ही एसपी ने बताया कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है। जब एक पुलिसकर्मी का शरीर और मन स्वस्थ रहता है, तो वह बेहतर परिणाम के साथ बेहतर कार्य संपादित कर पाता है। प्रत्येक रविवार पुलिसकर्मियों को थाना परिसर, आवास और अपने आसपास की साफ- सफाई और शुक्रवार को खुद के शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग और व्यायाम को अपने दिनचर्या में शामिल करने की ताकीद की गयी है। और इसकी रिपोर्ट करने का भी निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने नवागत थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को अपराध और अपराधियों पर निगाह रखने लंबित कांडों का निष्पादन के लिए निर्देशित किया। अभिलेखों को ससमय संधारित करने, पंजियों को अपडेट करने की सख्त ताकीद की। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार देवेंद्र, वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह सहित वाल्मीकिनगर थाने के अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।