गंगा के बढ़ते जलस्तर से जनजीवन प्रभावित, एसडीएम रणवीर सिंह ने राहत शिविरों का लिया जायज़ा*

गंगा के बढ़ते जलस्तर से जनजीवन प्रभावित, एसडीएम रणवीर सिंह ने राहत शिविरों का लिया जायज़ा*
*सूर्या न्यूज़ 24 से रिपोर्टर अमित सिंह*

बीघापुर, उन्नाव। तहसील क्षेत्र के जयराजमऊ के मजरे सीताराम खेड़ा, पसनिया खेड़ा तथा गढ़ेवा में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मंगलवार दोपहर एसडीएम रणवीर सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत शिविरों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत की।
पसनियाखेड़ा और सीताराम खेड़ा में पानी भरने के कारण आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस समय केवल प्राइवेट नाव के सहारे ही आवाजाही संभव है। वहीं, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लल्लन सिंह ने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत प्रयासों से एक नाव की व्यवस्था की है जिससे लोगों को आने-जाने में सहायता मिल रही है।
एसडीएम रणवीर सिंह ने राहत शिविर में मौजूद लोगों को आश्वस्त करते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा दो नावों का संचालन शुरू कराया गया है ताकि प्रभावित ग्रामीणों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने यह भी बताया कि पसनियाखेड़ा सीताराम खेड़ा, और गढ़ेवा के सभी पीड़ित परिवारों को राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि किसी को किसी भी प्रकार की समस्या होती है, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। साथ ही मौके पर मौजूद लेखपालको निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रशासन को सौंपें।
प्रशासन की सक्रियता से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में तेजी लाई जा रही है, लेकिन लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण खतरा अभी भी बरकरार है। ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

