पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का बगहा-02 बीडीओ ने लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का बगहा-02 बीडीओ ने लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
बिहार डेस्क,बगहा। शारदीय नवरात्र की महानवमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बगहा-02 प्रखंड विकास पदाधिकारी बिड्डू कुमार राम ने बुधवार की देर शाम नगर और प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पटखौली थानाध्यक्ष हृदयानंद सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।पूजा पंडालों में उमड़ रही भीड़ और विधि-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए बीडीओ लगातार अधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा प्रबंधन का जायजा लेते रहे। उन्होंने बगहा-02 नगर क्षेत्र के चीनी मिल, रेलवे स्टेशन चौक, मीना बाजार, अनुमंडल कोर्ट माई स्थान, पटखौली, मलखौली और ग्रामीण इलाकों के रामपुर समेत कई प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने तैनात अधिकारियों से जानकारी ली और भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा तथा आपातकालीन व्यवस्था को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर अपील की कि सभी आयोजन सरकारी गाइडलाइन के अनुरूप और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराए जाएं।बीडीओ बिड्डू कुमार राम ने बताया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख पंडालों में सुरक्षा को लेकर विशेष गश्ती दल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और दंडाधिकारी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की भी ड्यूटी लगाई गई है। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।उन्होंने कहा कि अधिक भीड़ वाले इलाकों और प्रमुख पंडालों पर प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है। संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए चौकसी बरती जा रही है।इधर, पटखौली थानाध्यक्ष हृदयानंद सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के सभी पंडालों पर पुलिस अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रख रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की सख्ती और निगरानी के कारण श्रद्धालु नवरात्र और दुर्गा पूजा महोत्सव का आनंद शांति और श्रद्धा के साथ ले रहे हैं।

