बगहा के डूमरिया में बंद घर में भीषण चोरी की वारदात, 50 लाख की चोरी, बगहा पुलिस के साथ पहुंची फोरेंसिक टीम।
बिहार डेस्क,बगहा।बगहा पुलिस जिला के नगर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में बीती रात चोरी की बड़ी घटना की वारदात सामने आई है। चोरों ने देवेन्द्र कुमार गिरी के घर को निशाना बनाते हुए लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की आभूषण, नगद और विभिन्न प्रकार की सामान की चोरी कर घटना की वारदात देते हुए प्रशासन को खुली चुनौती दी है। बताया गया कि परिवार के सदस्य पिछले पांच दिनों से बेतिया में नए घर के गृह प्रवेश कार्यक्रम में गए हुए थे। घर के निचले मंजिल के एक कमरे में गृहस्वामी देवेन्द्र कुमार गिरी अकेले सोये थे।इसी दौरान चोर घर के पीछे सरेह की तरफ से पहुंचे और पीछे के रास्ते से दूसरी मंजिल पर चढ़ गए। वहां गैस कटर से दरवाजा काटकर घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने घर में रखे लगभग 50 लाख रुपये के जेवरात, महंगे कपड़े और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। लगभग 50 लाख रुपए के सामान, आभुषणों की चोरी बताई जा रही है।सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घर के अंदर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घर के पीछे सरेह वाले हिस्से में जाकर साक्ष्य जुटाए और चोरी के संभावित रास्ते की जांच की। घटना के बावत पीड़ित गृहस्वामी देवेन्द्र कुमार गिरी ने नगर थाना बगहा को एक लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि दरवाजा काट कर अलमीरा तोड़ कर उनके पुत्र मणिकांत गिरी और नीलमणि गिरी के आभूषण, नगद सहित विभिन्न प्रकार की सामग्री एक सोची-समझी रणनीति और षडयंत्र के तहत लगभग 50 लाख रुपए की चोरों ने चोरी कर ली है। तथा अपने परिवार पर अनहोनी की अशंका जाहिर किया है। नगर थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है और फोरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।




