डीआईजी ने बगहा अंचल थाना,बगहा पुलिस केंद्र के विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण, अभिलेखों और लंबित मामलों की ली जानकारी।
डीआईजी ने बगहा अंचल थाना,बगहा पुलिस केंद्र के विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण, अभिलेखों और लंबित मामलों की ली जानकारी।
पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति निष्ठा बरतने और आमजन को त्वरित सेवा देने का दिया निर्देश।
बगहा। पुलिस उप-महानिरीक्षक, चंपारण क्षेत्र, बेतिया हरकिशोर राय ने शनिवार को बगहा अंचल थाना, पुलिस केंद्र परिसर एवं विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में संधारित अभिलेखों, पंजियों एवं अन्य कार्यों की बारीकी से समीक्षा की तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कार्यालयों में अभिलेखों के उचित एवं व्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ करने को कहा।उन्होंने कहा कि पुलिसिंग का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ जरूरत के समय उन्हें त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। आम लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनकी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निराकरण करने पर भी विशेष जोर दिया गया।निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने पुलिस कार्यालयों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं तत्परता बनाए रखने की बात कही।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, बगहा राजेश कुमार सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।







