बगहा एसडीएम ने डीएम एकेडमी विद्यालय, अनुमंडलीय अस्पताल व आधार सेंटर का किया औचक निरीक्षण,संबंधित विभागों में मचा हड़कंप।
बगहा एसडीएम ने डीएम एकेडमी विद्यालय, अनुमंडलीय अस्पताल व आधार सेंटर का किया औचक निरीक्षण,संबंधित विभागों में मचा हड़कंप।
बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में दो चिकित्सक मिले लेट,विद्यालय परिसर में गंदगी एवं आधार सेंटर पर दस्तावेजों के रखरखाव में मिली खामी।
बिहार डेस्क,बगहा। बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी,बगहा चांदनी कुमारी ने बुधवार को डीएम एकेडमी बगहा, अनुमंडलीय अस्पताल तथा प्रखंड कार्यालय बगहा-1 स्थित आधार सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न संस्थानों में व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।डीएम एकेडमी के निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर एसडीएम ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को सख्त निर्देश देते हुए सभी कमरों की नियमित रूप से साफ-सफाई कराने को कहा। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।इसके बाद एसडीएम ने बगहा अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान शिफ्टवार चिकित्सकों की उपस्थिति की जांच की गई। जांच में दो चिकित्सक निर्धारित समय से विलंब से पहुंचे। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रबंधन को चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी।इसके बाद प्रखंड कार्यालय बगहा-1 स्थित आधार सेंटर के निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेज उचित तरीके से व्यवस्थित नहीं पाए गए। इस पर एसडीएम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, बगहा-1 प्रदीप कुमार को संबंधित आधार सेंटर संचालक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।एसडीएम चांदनी कुमारी के औचक निरीक्षण से संबंधित विभागों में हड़कंप की स्थिति रही। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा आम लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।









