E-PaperMake it ModernMobile PhonesNew LookReviewsTravelआपदागंडक नदीटॉप न्यूज़बिहारलोकल न्यूज़विभागीयसमस्या
Trending

नेपाल से बाढ़ के पानी के साथ पहुंची अज्ञात मछलियों से सावधान रहने की अपील– एसडीएम बगहा चांदनी कुमारी।

नेपाल से बाढ़ के पानी के साथ पहुंची अज्ञात मछलियों से सावधान रहने की अपील– एसडीएम बगहा चांदनी कुमारी।

 

बिहार डेस्क,बगहा। मंगलवार को नेपाल में आई बाढ़ के पानी के साथ बिहार के कुछ इलाकों में अज्ञात एवं असामान्य प्रजाति की मछलियों के पहुंचने की सूचना के बाद अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा चांदनी कुमारी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। इन मछलियों के सेवन के बाद कुछ लोगों के बीमार पड़ने की सूचना भी सामने आई है।एसडीएम ने बताया कि बाढ़ के दौरान तालाब, नदी, झील एवं अन्य जलाशयों से मछलियां बहकर दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुंच सकती हैं। बाढ़ का पानी गंदी नालियों, मृत जानवरों और अन्य दूषित स्रोतों के संपर्क में आने के कारण विभिन्न प्रकार के जीवाणु, विषाणु एवं अन्य रोगजनक तत्वों से संक्रमित हो सकता है। ऐसे में बाढ़ के पानी से पकड़ी गई अज्ञात मछलियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।अनुमंडल प्रशासन ने आम लोगों से अज्ञात अथवा असामान्य दिखाई देने वाली मछलियों का सेवन नहीं करने की अपील की है। साथ ही बाढ़ के पानी से पकड़ी गई ऐसी मछलियों की खरीद-बिक्री और खाद्य उपयोग से भी बचने को कहा गया है। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि संबंधित विभाग से पहचान एवं पुष्टि के बिना किसी अपरिचित मछली को खाने योग्य नहीं माना जाए।उन्होंने लोगों से ऐसी मछलियों की जानकारी मिलने पर जिला मत्स्य पदाधिकारी अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है। वहीं, यदि ऐसी मछली के सेवन के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर, सांस लेने में कठिनाई या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लेने को कहा गया है।अनुमंडल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अज्ञात मछलियों के सेवन से पूरी तरह बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!