
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का प्रदर्शन, एफआईआर की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट तक मार्च

भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
रिपोर्ट -दिनेश आर्या
उन्नाव। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा गया। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांत मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा और मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की रकम और जेवरात से जुड़े कथित अनियमितताओं के संबंध में प्रमाण सामने आने के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह ने कहा कि कई दानदाताओं ने सार्वजनिक रूप से यह बात कही है कि उनके द्वारा दिए गए सोने-चांदी के जेवरात की न तो उन्हें रसीद मिली और न ही उनकी स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। बैठक के दौरान अलीगंज में हुए सड़क हादसे में छात्रों की मौत पर शोक व्यक्त किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इस अवसर पर विनयदीप श्रीवास्तव, जंग बहादुर सिंह, युसूफ फारुकी, अनुराग सिंह, मणिकांत रावत, प्रदीप शर्मा, बाबूराम निषाद, सुरेश श्रीवास्तव, सुनीत पाल, अशोक अवस्थी, रज्जन सोनी, रामेन्द्र सिंह, विजय, सुनील कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


