
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह: बिहार पुलिस ने अज्ञात महिला हत्याकांड का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

कोल्ड ड्रिंक में नींद की दवा मिलाकर ईंट से की हत्या, शव नहर किनारे फेंका; वारदात में प्रयुक्त कार बरामद, दो आरोपी पहले से आजीवन कारावास के सजायाफ्ता
रिपोर्ट -दिनेश आर्या ब्यूरो
सूर्या न्यूज़-24
उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र में नहर किनारे मिले अज्ञात महिला के शव के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सेलेरियो कार भी बरामद कर ली है। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने प्रेम संबंध और साथ रहने के दबाव को हत्या का कारण बताया है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को बिहार–मौरावां मार्ग स्थित केदारखेड़ा नहर पुलिया के पास एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट से मौत की पुष्टि होने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर स्वाट, सर्विलांस और थाना बिहार पुलिस की संयुक्त टीम को खुलासे में लगाया गया।
जांच के दौरान 16 जुलाई को पुलिस ने लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र से राधाकांत दूबे उर्फ कक्कू, उमेश चंद्र यादव और सुमन वर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुख्य आरोपी राधाकांत ने बताया कि उसका मृतका से प्रेम संबंध था और महिला उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी। इसी कारण उसने 5 जुलाई को अपने परिचित के खाली मकान में महिला को बुलाकर कोल्ड ड्रिंक में नींद की दवा मिलाकर पिलाई और बेहोश होने पर ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद उसने अपने साथी उमेश चंद्र यादव की कार से शव को बिहार थाना क्षेत्र में नहर किनारे फेंक दिया। पुलिस के अनुसार सुमन वर्मा को इसलिए साथ ले जाया गया ताकि रास्ते में पुलिस जांच होने पर परिवार के साथ महिला को इलाज के लिए ले जाने का बहाना बनाया जा सके।
जांच में मृतका की पहचान होने के बाद पता चला कि उसके परिजनों ने 7 जुलाई को थाना कृष्णानगर, लखनऊ में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सेलेरियो कार (UP32 HD 6636) बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राधाकांत दूबे और उमेश चंद्र यादव पहले से हत्या समेत कई गंभीर मामलों में आजीवन कारावास की सजा पा चुके हैं और जमानत पर बाहर थे। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
घटना का सफल अनावरण करने पर पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र ने स्वाट, सर्विलांस और थाना बिहार पुलिस की संयुक्त टीम को 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।


