झाँसी : ‘महिलाओं सबंधी मामलों की जनसुनवाई को प्राथमिकता दें अधिकारी’ :- सदस्या (उ०प्र० राज्य महिला आयोग)

*झाँसी : ‘महिलाओं सबंधी मामलों की जनसुनवाई को प्राथमिकता दें अधिकारी’ :- सदस्या (उ०प्र० राज्य महिला आयोग)-*
(ब्यूरो रिपोर्ट-अमित मिश्रा,झाँसी,उ०प्र०)

झाँसी जिले में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या-श्रीमती अनुपमा सिंह लोधी की अध्यक्षता में “महिला जनसुनवाई कार्यक्रम” का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया।सदस्या द्वारा जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण भी किया गया और भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सदस्या द्वारा सर्वप्रथम जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया तथा चिकित्सालय के निरीक्षण में उन्होंने ओ.पी.डी. कक्ष,अल्ट्रासाउण्ड कक्ष,महिला वार्ड,ऑपरेशन थियेटर,परीक्षण कक्ष एवं एस.एन.सी.यू. कक्ष में उपचार हेतु भर्ती मरीजों से उनका हालचाल जाना तथा मरीजों के साथ उपस्थित परिजनों से अस्पताल में मुहैया कराने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी की।यहाँ पर उन्होने निर्देश दिये कि जिला महिला चिकित्सालय में उपचार हेतु आने वाली महिलाओं को मातृवंदना योजना की जानकारी प्रदान करते हुये लाभान्वित करायें,इसके साथ ही महिलाओं को अल्ट्रासाउण्ड की सुविधा प्रदान करने में पूर्व में की गयी जांच आख्या का अवलोकन अनिवार्य रुप से करें। चिकित्सालय में सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें….
इसके पश्चात सदस्या द्वारा विकास भवन सभागार में महिला उत्पीड़न की घटनाओं की समीक्षा एवं महिला जनसुनवाई की गयी।सदस्या ने विभिन्न विभागों में संचालित महिला कल्याण योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि महिलाओं के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी बात को ध्यानपूर्वक सुना जाये,सभी अधिकारी अपने व्यवहार मे बदलाव लायें और जनता की समस्याओं का निस्तारण तुरंत करें। जनपद के समस्त थानों में महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु आयोग द्वारा जारी हेल्पलाइन नम्बर एवं दिशा-निर्देशों का प्रचार-प्रसार करायें….
आज के महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल-21 शिकायतें प्राप्त हुई,जिनमें से 12 शिकायतें पुलिस विभाग,07 शिकायतें राजस्व विभाग एवं 02 शिकायतें अन्य विभागों से सम्बन्धित रहीं….
उक्त कार्यक्रम में झाँसी जिला प्रशासन के अधिकारीगण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी भी उपस्तिथ रहे।

