दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट मोड में बगहा पुलिस, एसपी राजेश कुमार ने पूजा पंडालों व मंदिरों का किया निरीक्षण
दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट मोड में बगहा पुलिस, एसपी राजेश कुमार ने पूजा पंडालों व मंदिरों का किया निरीक्षण।
एसपी ने मदनपुर माई मंदिर सहित प्रमुख पूजा स्थलों की सुरक्षा का लिया जायजा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश।
बिहार डेस्क,बगहा। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बगहा पुलिस अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में शुक्रवार, शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक बगहा राजेश कुमार ने बगहा पुलिस जिला अंतर्गत विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों एवं मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान डीएसपी सह साइबर थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी,स्थानीय थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी ने मदनपुर माई मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों एवं पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और पूजा स्थलों पर व्यवस्था सुचारु बनी रहे।एसपी राजेश कुमार ने असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने को कहा गया।पूजा पंडालों एवं मंदिरों के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एसपी ने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं जवान अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर सतर्कता के साथ ड्यूटी करें, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।एसपी राजेश कुमार ने कहा कि बगहा पुलिस का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क रहने की प्रतिबद्धता जताई है।



