सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी में दिखी विकास की तस्वीर, कृषक गोष्ठी में किसानों को आधुनिक व जैविक खेती के लिए किया प्रेरित


सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी में दिखी विकास की तस्वीर, कृषक गोष्ठी में किसानों को आधुनिक व जैविक खेती के लिए किया प्रेरित
सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का विधायक, डीएम व भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया उद्घाटन
रिपोर्ट—दिनेश आर्या, ब्यूरो
सूर्या न्यूज़-24
उन्नाव। सेवा संकल्प अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उन्नाव की ओर से निराला प्रेक्षागृह सभागार में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, परियोजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ सदर विधायक पंकज गुप्ता, जिलाधिकारी घनश्याम मीना एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का एक-एक कर अवलोकन किया। चित्रों एवं अन्य माध्यमों से प्रदर्शित सरकार की विकास योजनाओं, परियोजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली तथा संबंधित कार्यों की सराहना की।
इसके बाद निराला प्रेक्षागृह में दीप प्रज्वलित कर कृषि विभाग की ओर से मिलेट्स खेती विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम तथा त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कृषक गोष्ठी का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता ने किसानों से प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को मिलेट्स का प्रयोग बढ़ाने तथा जैविक खेती अपनाकर आय में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कहा कि किसान अपने खेत की मिट्टी की जांच अवश्य कराएं, ताकि मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों और कमियों की जानकारी मिल सके। इसके आधार पर उपयुक्त फसल का चयन कर मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार किया जा सकता है। उन्होंने किसानों से कृषि की नवीन तकनीकों का प्रयोग करने के साथ जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानु मिश्रा ने भी किसानों को मिलेट्स की खेती अपनाने, इसके उपयोग को बढ़ावा देने तथा जैविक खेती के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि रवि चन्द्र प्रकाश, जिला कृषि अधिकारी शशांक चौधरी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



