महिला हेल्पडेस्क की पहल रंग लाई, 31 बिछड़ते परिवारों में फिर लौटी खुशियां

महिला हेल्पडेस्क की पहल रंग लाई, 31 बिछड़ते परिवारों में फिर लौटी खुशियां

रिपोर्ट -दिनेश आर्या ब्यूरो प्रमुख
उन्नाव। जनपद की महिला हेल्पडेस्क और परिवार परामर्श केंद्र के संयुक्त प्रयासों से 31 विवादित दंपतियों के रिश्तों में आई दरार को पाटने में सफलता मिली है। काउंसलिंग के बाद सभी जोड़े आपसी मतभेद भुलाकर दोबारा साथ रहने के लिए राजी हो गए, जिससे कई परिवार टूटने से बच गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती नीतू सिंह की उपस्थिति में महिला थाना सहित जनपद के विभिन्न थानों की महिला हेल्पडेस्क में विवादित पति-पत्नी को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं। परिवार परामर्शदाताओं और महिला पुलिस कर्मियों ने धैर्यपूर्वक काउंसलिंग कर दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया और मतभेद दूर करने का प्रयास किया।
परामर्श प्रक्रिया के बाद थाना पुरवा के 6, महिला थाना के 5, सोहरामऊ के 4, हसनगंज, फतेहपुर चौरासी और बांगरमऊ के 3-3, औरास के 2 तथा गंगाघाट, कोतवाली सदर, बारासगवर, अजगैन और दही थाने के 1-1 दंपति आपसी सहमति से साथ रहने को तैयार हुए।
इस अभियान में परिवार परामर्श केंद्र के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, श्रीमती शिल्पी श्रीवास्तव, डॉ. सागीर अहमद, डॉ. अबसार अली समेत महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह और महिला हेल्पडेस्क की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने इसे परिवारों को जोड़ने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।


