ALAHABADUnnao

“बहू-बेटी एक समान” का संदेश लेकर गांव पहुंची पुलिस, चौपाल में रिश्तों की मजबूती पर हुई चर्चा

“बहू-बेटी एक समान” का संदेश लेकर गांव पहुंची पुलिस, चौपाल में रिश्तों की मजबूती पर हुई चर्चा

उन्नाव। परिवारों में प्रेम, सम्मान और आपसी विश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना दही क्षेत्र के ग्राम सोनिक में बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों और सम्मान के प्रति जागरूक करते हुए पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान गीता सिंह, प्रधान प्रतिनिधि मनोज सिंह तथा पुलिस टीम मौजूद रही। सम्मेलन में सास, बहू, मां, बेटियों, छात्राओं और ग्राम सभा के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
चौपाल के दौरान वक्ताओं ने कहा कि परिवार की बहू को बेटी के समान सम्मान और स्नेह मिलना चाहिए। परिवार में भेदभाव की भावना को समाप्त कर प्रेम और सौहार्द का वातावरण बनाना समय की आवश्यकता है। वहीं बहुओं को भी सास को मां का सम्मान देने तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मधुर संबंध बनाए रखने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने ऐसे आयोजनों को समाज में जागरूकता और पारिवारिक एकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने परिवार और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!