बगहा में गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का अनोखा प्रदर्शन, 600 से 650 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग,प्रदर्शन के बाद किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी को सौंपा।
बगहा में गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का अनोखा प्रदर्शन, 600 से 650 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग,प्रदर्शन के बाद किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन बगहा अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी को सौंपा
बिहार डेस्क,बगहा। सोमवार की गन्ने का उचित मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों ने बगहा में अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। ईंख काश्तकार संघ, बिहार के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान गन्ना और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बगहा अनुमंडल स्थित NH-727 गोरखपुर-बेतिया मुख्य मार्ग के किनारे पहुंचे और सरकार व चीनी मिलों की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन कर रहे दर्जनो किसानों ने गन्ने का मूल्य 600 से बढ़ाकर 650 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। किसानों का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, सिंचाई, मजदूरी समेत अन्य कृषि कार्यों पर खर्च बढ़ने से गन्ने की खेती पहले की तुलना में काफी महंगी हो गई है। ऐसे में मौजूदा कीमत पर गन्ने की खेती करना किसानों के लिए मुश्किल होता जा रहा है। दर्जनों किसानों ने सरकार से मांग की कि बढ़ती महंगाई और कृषि लागत को ध्यान में रखते हुए गन्ने का उचित मूल्य निर्धारित किया जाए, ताकि किसानों को उनकी फसल का लाभकारी दाम मिल सके।प्रदर्शन के बाद किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन बगहा अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी को सौंपा। ईंख काश्तकार संघ, बिहार के प्रदेश सचिव रामकुमार उर्फ छोटे श्रीवास्तव ने कहा कि यदि गन्ना किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिला तो आने वाले समय में इसका सीधा असर गन्ने की खेती पर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से किसानों के हित में तत्काल गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग की।NH-727 के किनारे किसानों का यह प्रदर्शन गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी की मांग को सरकार तक पहुंचाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अब किसानों की मांग पर सरकार और चीनी मिलों की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजर है।



