बगहा नगर के वार्ड संख्या-03 पटखौली में गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य डोला यात्रा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़।
बगहा नगर के वार्ड संख्या-03 पटखौली में गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य डोला यात्रा, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़।


डोला यात्रा में माता के जयकारों से गूंजा बगहा नगर, चारों तरफ दिखा भक्तिमय माहौल,वार्ड पार्षद ने क्षेत्रवासियों को दी शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा की आत्मीय शुभकामनाएं
बिहार डेस्क,बगहा ।शारदीय नवरात्र और सप्तमी की पावन बेला पर बगहा नगर परिषद अंतर्गत वार्ड नंबर-03 पटखौली स्थित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल से शनिवार को हर्षोल्लास के साथ भव्य डोला यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे नगर क्षेत्र में माता के जयकारों से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।इस पावन अवसर पर वार्ड पार्षद सह माँ दुर्गा पूजा समिति पटखौली के अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष राहुल कुमार मिश्रा ने क्षेत्र के सभी सम्मानित अभिभावकों, माताओं-बहनों, भाइयों और प्रिय साथियों को दुर्गा पूजा की आत्मीय शुभकामनाएं देते हुए भावुक और आत्मीय अंदाज में कहा कि दुर्गा पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी आस्था, विश्वास,संस्कार और माँ दुर्गा की शक्ति के प्रति समर्पण का पावन अवसर है। हर वर्ष इस शुभ अवसर पर आप सभी के बीच उपस्थित होकर माँ दुर्गा का आशीर्वाद लेने और अपने परिवार रूपी समिति के लोगों से कंधा से कंधा मिलाकर इस आयोजन को सफल बनाने का सौभाग्य मुझे मिलता है। आज 17 अक्टूबर 2026 को माँ जगत जननी जगदंबा का पट खुला और उनका आगमन हुआ है, जो हमारे जीवन में नई ऊर्जा लेकर आया है। आप सभी का स्नेह, विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत और प्रेरणा है।वार्ड पार्षद राहुल कुमार मिश्रा ने माँ दुर्गा से प्रार्थना करते हुए कहा कि जगत जननी सभी के जीवन में प्रेम, आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव को और अधिक मजबूत करें। उन्होंने क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की है।कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी से पूरे उल्लास, आपसी सौहार्द और शांति के साथ महापर्व दुर्गा पूजा मनाने की अपील की। डोला यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को बनाए रखने में स्थानीय कमेटियों और युवाओं और पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।


