बगहा नगर के नरईपुर मैदान पर अतिक्रमण के प्रयास के खिलाफ बगहा विधायक राम सिंह ने लिया संज्ञान।
बगहा विधायक ने स्थल निरीक्षण कर अंचल अधिकारी को जांच और त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश।
बिहार डेस्क,बगहा। पश्चिमी चंपारण अंतर्गत बगहा विधानसभा क्षेत्र के बगहा नगर अंतर्गत नरईपुर में स्थानीय युवाओं की लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर बगहा विधायक राम सिंह ने नरईपुर फील्ड का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान की स्थिति का जायजा लेते हुए युवाओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।विधायक राम सिंह ने कहा कि नरईपुर के युवाओं के लिए यह मैदान केवल खेल का स्थान नहीं, बल्कि उनके सपनों, मेहनत और भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। स्थानीय युवाओं की लंबे समय से मांग रही है कि मैदान को अतिक्रमण से मुक्त रखते हुए खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा जाए।स्थल निरीक्षण के दौरान विधायक राम सिंह के समक्ष यह बात सामने आई कि चीनी मिल की ओर से मैदान की भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है। इस पर विधायक राम सिंह ने स्पष्ट कहा कि युवाओं के खेल मैदान पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है और उनके अधिकारों की रक्षा करना जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारी है।विधायक राम राम ने मौके पर ही अंचल अधिकारी, बगहा-2 वसीम अकरम को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर मैदान को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में त्वरित कदम उठाने को कहा।उन्होंने नरईपुर के युवाओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या के समाधान के लिए वे पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े हैं। विधायक ने कहा कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने और मैदान को सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।विधायक ने कहा कि “हमारे क्षेत्र के युवा हमारे भविष्य हैं। उनके खेलने, आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।”मौके पर जिला अध्यक्ष अचिंत्य कुमार एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनोज सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। विधायक ने दोहराया कि नरईपुर के युवाओं के हित और उनके भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।








