अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमके बगहा के डॉ. पदम भानु सिंह, वार्ड पार्षदों ने किया सम्मानित।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमके बगहा के डॉ. पदम भानु सिंह, वार्ड पार्षदों ने किया सम्मानित।
लंदन के हाउस ऑफ पार्लियामेंट और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी, इंग्लैंड में सम्मानित चिकित्सक बने क्षेत्र के युवाओं के प्रेरणास्त्रोत।
बिहार डेस्क,बगहा। नगर के श्रीनगर वार्ड संख्या 08 स्थित होमियो कैंसर सेवा अस्पताल परिसर में रविवार को एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त होमियोपैथी कैंसर विशेषज्ञ डॉ. पदम भानु सिंह को स्थानीय वार्ड पार्षदों द्वारा अंगवस्त्र और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।इस अवसर पर वार्ड संख्या 07 की पार्षद अंजलि सोनी एवं वार्ड संख्या 08 की पार्षद रीता देवी ने डॉ. सिंह को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नागेंद्र प्रसाद, कुंदन सिंह तथा कुमारी प्राची भी मौजूद रहीं। सभी ने डॉ. सिंह की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे पूरे बगहा और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।वार्ड पार्षदों ने संयुक्त रूप से कहा कि डॉ. पदम भानु सिंह ने होमियोपैथी चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हाल ही में उन्हें लंदन के हाउस ऑफ पार्लियामेंट और इंग्लैंड की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में सम्मानित किया जाना न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र और देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि लगन, समर्पण और कठिन परिश्रम से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान नागेंद्र प्रसाद और कुंदन सिंह ने भी डॉ. सिंह के चिकित्सा क्षेत्र में योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. पदम भानु सिंह वर्षों से होमियोपैथी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से लोगों की सेवा कर रहे हैं और विशेष रूप से गंभीर रोगों के उपचार में उनका योगदान उल्लेखनीय एवं अतुलनीय रहा है। समाज के प्रति उनकी सेवा भावना ने उन्हें जनमानस में विशेष सम्मान दिलाया है।अपने सम्मान से भावुक डॉ. पदम भानु सिंह ने स्थानीय वार्ड पार्षदों एवं उपस्थित प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा देगा। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी समाज सेवा और मरीजों की सेवा के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।


