लौकरिया थाना में दर्ज अपहरण कांड का खुलासा, 14 वर्षीय किशोर सकुशल बरामद, एसपी ने दी जानकारी।
लौकरिया थाना में दर्ज अपहरण कांड का खुलासा, 14 वर्षीय किशोर सकुशल बरामद, एसपी ने दी जानकारी।
बिहार डेस्क,बगहा। बगहा पुलिस जिले अंतर्गत लौकरिया थाना में दर्ज अपहरण के एक मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 14 वर्षीय किशोर को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया।जानकारी के अनुसार, विगत 17 अप्रैल को लौकरिया थाना में किशोर के अपहरण की आशंका को लेकर उसके माता-पिता द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जिला बगहा की प्रभारी पुलिस अधीक्षक निर्मला कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की।पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करते हुए किशोर को सुरक्षित बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह घर में 20 रुपये को लेकर हुए विवाद के कारण नाराज होकर बिना बताए घर छोड़कर चला गया था।प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने प्रेस वार्ता में बतायी कि मामले की गहन जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह अपहरण नहीं, बल्कि पारिवारिक नाराजगी के कारण घर छोड़ने का मामला था। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बगहा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें तथा उन्हें बिना जानकारी दिए घर से बाहर नहीं जाने के प्रति जागरूक करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।



