40 साल से जोत रही जमीन पर रचा गया फर्जीवाड़े का खेल, ‘नकली मालिक’ खड़ा कर करा दिया बैनामा
पुरवा पुलिस ने जमीन घोटाले के आरोपी को दबोचा, फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश का खुलासा

40 साल से जोत रही जमीन पर रचा गया फर्जीवाड़े का खेल, ‘नकली मालिक’ खड़ा कर करा दिया बैनामा
पुरवा पुलिस ने जमीन घोटाले के आरोपी को दबोचा, फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश का खुलासा
रिपोर्ट – दिनेश आर्या, ब्यूरो चीफ

उन्नाव। पुरवा तहसील क्षेत्र में जमीन हड़पने के लिए ऐसा खेल खेला गया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। वर्षों से लापता व्यक्ति की जमीन को कब्जाने के लिए आरोपियों ने पहले फर्जी दस्तावेज तैयार कराए, फिर एक व्यक्ति को असली मालिक बनाकर खड़ा कर दिया और बाकायदा बैनामा तक करा डाला। मामले का खुलासा होने पर थाना पुरवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि ग्राम हिलौली स्थित गाटा संख्या 2303 की करीब 0.2400 हेक्टेयर भूमि पर वादी श्रीराम पिछले लगभग 40 वर्षों से खेती कर रहे थे। जमीन शिवराम पुत्र शिवदीन के नाम दर्ज थी, जो दशकों से लापता बताए जा रहे हैं और उनका कोई वारिस भी नहीं था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने जमीन पर नजर गड़ा दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि शिवम द्विवेदी, गुलनाज और मदारी ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। आरोप है कि मदारी को ही “शिवराम” बनाकर खड़ा किया गया और 26 दिसंबर 2024 को फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा करा दिया गया। इतना ही नहीं, दाखिल-खारिज की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई ताकि पूरा खेल कानूनी दिखाई दे।
मामले की विवेचना के दौरान गुरूप्रसाद पुत्र नन्हक्कऊ निवासी मोहल्ला खागा थाना मौरावां का नाम सामने आया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 61(2) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी की गई है।