
*साइबर ठगी गिरोह पर उन्नाव पुलिस का बड़ा प्रहार, 6 आरोपी गिरफ्तार; 9 स्मार्टफोन बरामद, एक लाख रुपये फ्रीज*

*एनसीआरपी शिकायतों की जांच में खुलासा, कुछ बैंक कर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में*
दिनेश आर्या – ब्यूरो -उन्नाव
सूर्या न्यूज़- 24
उन्नाव। उन्नाव साइबर क्राइम थाना, कोतवाली सदर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में साइबर ठगी से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त नौ स्मार्टफोन बरामद किए हैं, जबकि मामले से जुड़े संदिग्ध खातों में मौजूद एक लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर देश के विभिन्न राज्यों से प्राप्त ऑनलाइन वित्तीय साइबर अपराध की शिकायतों की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित तरीके से संदिग्ध बैंक खातों का उपयोग कर साइबर ठगी की रकम का लेन-देन, चेक निकासी और एटीएम के माध्यम से कैश आउट करते थे। इसके बदले वे कमीशन लेकर साइबर अपराधियों की मदद करते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ बैंक कर्मियों की संदिग्ध भूमिका भी सामने आई है। हालांकि जांच की गोपनीयता और निष्पक्षता को देखते हुए संबंधित बैंक का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में किसी बैंक कर्मी की संलिप्तता प्रमाणित होती है तो उसके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले में साइबर क्राइम थाना के उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र की तहरीर पर कोतवाली सदर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। बैंक स्टेटमेंट, एटीएम सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य संदिग्ध खातों की भी जांच की जा रही है और उनमें उपलब्ध धनराशि को भी फ्रीज कराने की कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना, कोतवाली सदर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले की विवेचना जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
