गंगा में डूबे अधेड़ का दो दिन बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

गंगा में डूबे अधेड़ का दो दिन बाद मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

रिपोर्ट – बृजपाल
उन्नाव। गंगा स्नान के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबे अधेड़ व्यक्ति का शव दो दिन बाद बरामद हुआ। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने लगातार दो दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। गुरुवार शाम करीब चार बजे शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम किशूनी खेड़ा, पोस्ट अलीपुर, थाना बारा सागर, जनपद उन्नाव निवासी गुड्डू त्रिपाठी (50) पुत्र शिवकुमार त्रिपाठी 24 नवंबर 2026 को गंगा स्नान के लिए डौंडियाखेड़ा गए थे। इसी दौरान गंगा नदी के किनारे मिट्टी पर अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नदी में लगातार दो दिनों तक खोजबीन अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद 26 नवंबर 2026 को शाम करीब चार बजे उनका शव बरामद कर लिया गया।
हादसे के बाद से ही परिजन और ग्रामीण उनके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन दो दिन बाद शव मिलने की खबर ने परिवार की उम्मीदों को गहरे दुख में बदल दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।




