Unnao

बाल विवाह के खिलाफ उन्नाव में छिड़ी मुहिम, शिक्षिकाओं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और महिला आरक्षियों को बनाया गया ‘बाल विवाह मुक्त भारत योद्धा’

 

रिपोर्ट – दिनेश आर्या, ब्यूरो

उन्नाव। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बेटियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
बाल संरक्षण अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी घनश्याम मीना एवं मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। जनपद के प्रत्येक विकासखंड से एक-एक महिला शिक्षिका एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्री तथा प्रत्येक थाने से एक महिला आरक्षी को ‘बाल विवाह मुक्त भारत योद्धा’ घोषित कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
गौरतलब है कि भारत सरकार एवं महिला कल्याण विभाग के निर्देश पर 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करना और इस कुप्रथा पर प्रभावी रोक लगाना है।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी देव कुमार चतुर्वेदी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में बाल विवाह की रोकथाम के लिए नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जाएं। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, महिला शिक्षिकाओं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं महिला आरक्षियों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई और इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, क्षेत्राधिकारी सदर, बाल कल्याण समिति के सदस्य, मिशन को-ऑर्डिनेटर प्रीती, सेंटर मैनेजर एकता श्रीवास्तव, प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर दिवाकर ओझा सहित हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में जलपान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!