Unnao

उन्नाव में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, पांच प्रतिष्ठानों में मिलीं खामियां, नौ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

व्यवस्था खराब मिलने और खाद्य-अखाद्य पदार्थ एक साथ रखे जाने पर संचालकों को सुधार नोटिस जारी

 

रिपोर्ट – दिनेश आर्या, ब्यूरो

उन्नाव। आम जनमानस को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार 27 नवंबर को जनपद के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर जांच अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय प्रियंका सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल पांच प्रतिष्ठानों से नौ खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों पर गंदगी और साफ-सफाई की व्यवस्था में खामियां मिलने पर संचालकों को सुधार नोटिस जारी किया गया।
विभागीय कार्रवाई के दौरान मेसर्स द्विवेदी स्वीट्स, सरोसी से छेना एवं चटनी के दो नमूने लिए गए। मौके पर अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। वहीं प्रदीप कुमार, सरोसी के प्रतिष्ठान से बेसन का नमूना संग्रहित किया गया। यहां साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिलने पर सुधार सूचना जारी की गई।
इसी क्रम में मेसर्स परी इंटरप्राइजेज, सरोसी सदर उन्नाव से बेसन एवं मैदा के नमूने लिए गए। प्रतिष्ठान में खाद्य एवं अखाद्य पदार्थ एक ही स्थान पर रखे पाए जाने पर सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया। मेसर्स दुर्गा स्वीट हाउस, सरोसी से बर्फी एवं लड्डू के नमूने संग्रहित किए गए। यहां भी साफ-सफाई की कमी मिलने पर सुधार सूचना जारी की गई।
इसके अतिरिक्त मेसर्स सिद्धि विनायक स्वीट्स एंड बेकर्स, सरोसी से बूंदी लड्डू एवं बेसन लड्डू के नमूने लिए गए। प्रतिष्ठान में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर संचालक को सुधार नोटिस दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार संग्रहित किए गए सभी नौ नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार, पंकज कुमार यादव, पल्लवी शर्मा, रुचि वाजपेयी एवं आकांक्षा जायसवाल शामिल रहीं। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!