प्रखंड बगहा दो के सभागार में 20 सूत्री समीक्षा बैठक में बीस सूत्री सदस्य जुगनू आलम ने उठाए छह जनहित के मुद्दे।


प्रखंड बगहा दो के सभागार में 20 सूत्री समीक्षा बैठक में बीस सूत्री सदस्य जुगनू आलम ने उठाए छह जनहित के मुद्दे।
बीस सूत्री सदस्य जुगनू आलम न कार्यालय भवन की मरम्मत, ओपन जिम, विद्यालय में जलजमाव और पंचायत समिति की योजनाओं में मांगा ब्योरा।
रोहित/भास्कर दिवाकर की खास रिपोर्ट।
बगहा-02,पश्चिम चंपारण। प्रखंड बगहा-02 के सभागार भवन में बीस सूत्री की बैठक में 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति के सदस्य जुगनू आलम ने जनहित, विकास योजनाओं में पारदर्शिता और वित्तीय मामलों से जुड़े छह महत्वपूर्ण प्रश्न समिति के समक्ष रखे। उन्होंने सभी प्रश्नों को बैठक की कार्यवाही पंजी में दर्ज करते हुए संबंधित पदाधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की।जुगनू आलम ने बैठक में वाल्मीकिनगर एवं बगहा विधानसभा क्षेत्र के विधायकों,20 सूत्री कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष, सदस्यों तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया। बीस सूत्री सदस्य जुगनू आलम ने15वीं वित्त आयोग के वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत प्रखंड परिसर स्थित 20 सूत्री कार्यालय भवन की मरम्मत के लिए 3.10 लाख रुपये की राशि व्यय दर्शाए जाने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार स्थल पर करीब 80 से 90 हजार रुपये के बराबर ही कार्य दिखाई देता है। उन्होंने इस मामले में तकनीकी एवं वित्तीय जांच के लिए निष्पक्ष जांच कमेटी गठित करने, स्थल निरीक्षण कराने और ऑडिट रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की मांग की। साथ ही अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संवेदक अथवा अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की मांग की।बैठक में उन्होंने प्रखंड बगहा-02 की सभी पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक स्थापित ओपन जिम का विस्तृत ब्योरा भी मांगा। उन्होंने पूछा कि ये जिम किस योजना अथवा मद से स्थापित किए गए हैं तथा प्रत्येक जिम की स्वीकृत प्राक्कलन राशि कितनी थी। इसके साथ ही स्वीकृत प्राक्कलन और भुगतान वाउचर की सत्यापित प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की।बगहा नगर परिषद के वार्ड संख्या 13 स्थित शास्त्री नगर के बुनियादी विद्यालय पिपरासी में जलजमाव की समस्या को भी उन्होंने प्रमुखता से उठाया। उनके अनुसार विद्यालय परिसर में करीब पांच महीने तक लगभग दो फीट पानी जमा रहता है, जिससे विद्यालय में पढ़ने वाले करीब 840 बच्चों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर परेशानी बनी रहती है। उन्होंने विद्यालय परिसर में तत्काल मिट्टी भराई कराकर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।इसके अलावा उन्होंने प्रखंड बगहा-02 के भवनहीन प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही ऐसे विद्यालयों के लिए भूमि चिह्नित करने को लेकर अंचल एवं प्रशासनिक स्तर पर अब तक की गई कार्रवाई का विवरण भी मांगा।ग्राम पंचायत राज बकुली के सुरवाबारी प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थापित जिम को लेकर भी जुगनू आलम ने सवाल उठाया। उन्होंने जिम की स्थापना के लिए प्रयुक्त योजना अथवा मद, कार्य के प्राक्कलन तथा भुगतान वाउचर की सत्यापित प्रति उपलब्ध कराने की मांग की।वहीं, पंचायत समिति मद से वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में संचालित योजनाओं के संबंध में उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से मदवार प्राप्त कुल बजट, स्वीकृत योजनाओं की सूची तथा पूर्ण और अपूर्ण योजनाओं का सत्यापित भौतिक एवं वित्तीय प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की।जुगनू आलम ने 20 सूत्री प्रखंड कार्यान्वयन समिति, बगहा-02 के अध्यक्ष से अनुरोध किया कि उक्त सभी प्रश्नों को समीक्षा बैठक की कार्यवाही पंजी में प्राथमिकता के साथ दर्ज किया जाए और संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को समय-सीमा के भीतर आवश्यक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया जाए।


