बगहा पुलिस लाइन, ई किसान भवन बगहा दो समेत बगहा एक एवं दो के बीआरसी और विद्यालयों में घुसा बाढ़ का पानी।


बगहा। रविवार को गंडक बैराज से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद सोमवार को बगहा-1 एवं 2 प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बाढ़ का पानी अब सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों तक पहुंच गया है। बगहा पुलिस लाईन,कई सरकारी दफ्तरों एवं संस्थानों के परिसर में पानी घुसने से कामकाज प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बगहा पुलिस लाइन बाढ़ के पानी से पूरा जलमग्न रहा।वही कुछ पुलिस बल मौजूद रहे। बगहा-2 नगर क्षेत्र में बाढ़ के पानी से प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी), राजकीय मध्य विद्यालय पटखौली, प्लस टू प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय पटखौली बगहा दो और ई-किसान भवन बगहा-2 समेत कई सरकारी संस्थान प्रभावित हुए हैं। वहीं बगहा-1 नगर क्षेत्र के प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय और बीआरसी बगहा-1 समेत अन्य संस्थानों में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है।बाढ़ के बावजूद कई सरकारी संस्थानों में कर्मी अपने कार्यस्थल पर डटे रहे। वहीं ई-किसान भवन बगहा-2 के समीप अत्यधिक पानी जमा होने के कारण कार्यालय में ताला लटका रहा। वही प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं अन्य कृषि कर्मी एवं विभागीय कार्य में जुटे रहे।कार्यालय परिसरों में पानी जमा होने से कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में बाढ़ के पानी का फैलाव लगातार बढ़ रहा है। इससे आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। कई स्थानों पर लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।





