Jhansi

झाँसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने किया झाँसी मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण और स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायज़ा

*झाँसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने किया झाँसी मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण और स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायज़ा-*
*मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर जाना उपचार का हाल और व्यवस्थाओं में मिली कमियों को शीघ्र दूर करने के दिए निर्देश-*

(ब्यूरो रिपोर्ट-अमित मिश्रा,सूर्या न्यूज़ 24,झाँसी,उ०प्र०)

झाँसी-ललितपुर से लोकसभा क्षेत्र के सांसद-अनुराग शर्मा ने झाँसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की और उनके उपचार,दवाओं की उपलब्धता,चिकित्सकीय सेवाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में बिंदुवार जानकारी प्राप्त की। साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधा संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक भी लिया….
निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों एवं व्यवस्थागत अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) और वरिष्ठ चिकित्सकों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति,उपलब्ध संसाधनों तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं के विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा की….
सांसद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज बुंदेलखंड की स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण केंद्र है,जहाँ झाँसी सहित आस-पास के जनपदों एवं अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं।ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार,आवश्यक दवाएं एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।उन्होंने अधिकारियों को मरीजों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए….
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री-नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री-योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बुंदेलखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार,चिकित्सा सुविधाओं के आधुनिकीकरण एवं आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।हमारा प्रयास है कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!