65वीं वाहिनी एसएसबी के वाहिनी मुख्यालय परिसर में सर्व धर्म प्रार्थना स्थल का निर्माण।
65वीं वाहिनी एसएसबी के वाहिनी मुख्यालय परिसर में सर्व धर्म प्रार्थना स्थल का निर्माण।
बिहार डेस्क/बगहा। 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बेतिया के शिविर बगहा में स्थित वाहिनी मुख्यालय में सर्व धर्म प्रार्थना स्थल का निर्माण कार्य प्रगति पर है । आज इसी क्रम में 65वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट नंदन सिंह मेहरा के कर कमलों द्वारा वाहिनी सर्व धर्म स्थल की छत ढलाई का शुभारंभ किया गया। ज्ञातव्य है कि 65वीं वाहिनी के शिविर बगहा में तैनाती के साथ ही एक सर्व धर्म प्रार्थना स्थल की आवश्यकता वाहिनी परिसर में वाहिनी के बल कर्मियों द्वारा महसूस की जा रही थी। 65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के बल कार्मिक जम्मू- कश्मीर जैसे संवेदनशील इलाके में आंतरिक सुरक्षा कर्तव्यों के साथ ही बगहा के वाल्मीकि टाईगर रिजर्व के दुर्गम क्षेत्र में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण से कर रहे हैं । अपने घर परिवार से दूर बलकर्मिकों के मनोबल और मानसिक शांति के लिए वाहिनी सर्व धर्म प्रार्थना स्थल की नितांत आवश्यकता थी जिसे समझते हुए वाहिनी कमांडेंट नंदन सिंह मेहरा के मार्गदर्शन में वाहिनी सर्व धर्म स्थल के निर्माण की पहल की गई तथा उनके इस संकल्प को पूरा करने में मु.आ. (चालक) अफजल इमाम की विशिष्ट भूमिका रही। जिन्होंने अपने अथक परिश्रम और आवश्यक संसाधनों की आवश्यकता को यथासंभव समयबद्ध रूप से पूरा करते हुए विशेष रूप से वाहिनी सर्व धर्म स्थल के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया साथ ही स. उ.नि. पवन ने मु. आ. अफजल के साथ इस निर्माण कार्य में अहम भूमिका निभाई। नंदन सिंह मेहरा के मार्ग दर्शन में आज के विशेष अवसर पर सभी बलकर्मिकों हेतु भंडारे का आयोजन किया गया तथा होलिका दहन की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने बताया कि हमारा देश विश्व के समक्ष अनेकता में एकता की अनूठी मिसाल है और इसकी झलक हमें अपने बल में भी देखने को मिलती है । इसी तथ्य को चरितार्थ करते हुए वाहिनी सर्व धर्म स्थल के लिए स्वेच्छापूर्वक सभी धर्म के बलकर्मिकों ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य अनुसार दान दिया है। इस अवसर पर कमांडेंट ने श्री अन्न महोत्सव में स्टाल लगाकर प्रतिभाग करने वाले संदीक्षा परिवार के सदस्यों को सपुरस्कार एवं वाहिनी सर्व धर्म स्थल के लिए विशेष योगदान देने वाले बलकर्मिकों एवं समाचार मीडिया से पधारे मुन्ना राज को खादी पहनाकर सम्मानित किया।इस अवसर पर नंदन सिंह मेहरा कमांडेंट,कोजा राम लामरोड़ द्वितीय कमान अधिकारी,आर. बी. सिंह उप कमांडेंट,सौरभ कुमार उप कमांडेंट,भरत सिंह यादव सहायक कमांडेंट, अधीनस्थ अधिकारीगण, मीडियाकर्मी, वाहिनी संदीक्षा परिवार एवं 65वीं वाहिनी के अन्य बलकर्मिक उपस्थित थे।