



UP BREAKING: ‘मेरी बेटी को गायब कर दिया…’ बिलखते पिता ने दामाद और सास-ससुर पर लगाया गंभीर आरोप!
उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक पिता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर अपनी बेटी के ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी को ससुराल वालों ने न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि अब वह संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है! आरोप है कि ससुराल वालों ने मिलकर उसे कहीं गायब कर दिया है या उसके साथ कोई अनहोनी कर दी है।
पूरा मामला उन्नाव जिले के गंगाघाट थाना क्षेत्र का है। रामपुरवा निवासी पीड़ित पिता रमजान पुत्र जलालू ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। रमजान के मुताबिक, उन्होंने अपनी बेटी सबा परवीन का निकाह मुस्लिम रीति-रिवाज से त्रिभुवन खेड़ा निवासी शानू (पुत्र राजू) के साथ किया था।
लेकिन निकाह के बाद से ही सबा के दिन आंसुओं में कट रहे थे। आरोप है कि पति शानू, ससुर राजू और सास नूर बानो आए दिन सबा को बेरहमी से प्रताड़ित करते थे। पूर्व में भी उसे जान से मारने की कोशिश की गई, जिसकी शिकायत जाजमऊ पुलिस चौकी में भी हुई थी। मगर, सुलह-समझौते के बाद सबा को उसकी एक साल की बेटी के साथ वापस ससुराल भेज दिया गया था।
पीड़ित पिता का कहना है कि जब उन्होंने बेटी के गायब होने पर सवाल उठाए, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उल्टा उन्हें ही धमकी दे डाली। आरोपियों ने कहा— “अगर पुलिस में शिकायत की, तो जान से मार देंगे।”
अब पीड़ित पिता गहरे सदमे और डर में है। उन्हें अंदेशा है कि पति शानू, ससुर राजू और सास नूर बानो ने मिलकर उनकी बेटी सबा को कहीं गायब कर दिया है या उसके साथ कोई बड़ी अप्रिय घटना को अंजाम दे दिया है। आरोपियों द्वारा कोई सही जवाब नहीं दिए जाने पर थक-हारकर पीड़ित पिता ने गंगाघाट थाना प्रभारी को शिकायती पत्र सौंपकर रिपोर्ट दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


