गंडक के कटाव से बढ़ी चिंता, मंत्री नंदकिशोर राम ने लिया जायजा,अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
गंडक के कटाव से मंगलपुर एवं बी.बी.एन. कॉलेज के पीछे स्थित कटाव प्रभावित स्थलों पर कटावरोधी कार्य में तेजी लाने का निर्देश, ग्रामीणों को हरसंभव सुरक्षा का दिया भरोसा।
बिहार डेस्क,बगहा। शुक्रवार को वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के बगहा-2 प्रखंड में गंडक नदी के बढ़ते कटाव को लेकर बिहार सरकार के डेयरी एवं मत्स्य विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम ने मंगलपुर एवं बी.बी.एन. कॉलेज के पीछे स्थित कटाव प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर चल रहे कटावरोधी एवं सुरक्षात्मक कार्यों का जायजा लिया तथा बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं आपदा प्रबंधन विभाग के पदाधिकारियों से वर्तमान स्थिति और किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटावरोधी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कार्य को तेज गति से, ठोस एवं मजबूत तरीके से पूरा किया जाए, ताकि गांवों और आसपास के रिहायशी क्षेत्रों को गंडक नदी के कटाव से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने प्रभावी रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वयं क्षेत्र की पल-पल की स्थिति पर नजर रख रहे हैं और उनके निर्देश पर ही स्थिति का जायजा लेने के लिए उन्हें यहां भेजा गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।नेपाल में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए मंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों से विशेष रूप से सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि संभावित परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह सजग है तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएंगे।निरीक्षण के दौरान बगहा-2 मंडल अध्यक्ष बलराम मिश्रा,दुर्गेश सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद रही। स्थानीय लोगों ने कटाव की गंभीर स्थिति से मंत्री को अवगत कराया और जल्द से जल्द स्थायी सुरक्षात्मक उपाय किए जाने की मांग रखी।मंत्री नंदकिशोर राम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और राहत-बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा तथा बाढ़ एवं कटाव से प्रभावित इलाकों में आवश्यक राहत और बचाव कार्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।






