गंडक के बढ़े जलस्तर से पूरा कैलाशनगर जलमग्न, सभापति प्रतिनिधि पप्पू गुप्ता ने नाव से लिया जायजा।
——बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेज कराने तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
बिहार डेस्क,बगहा। वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से रविवार की शाम पांच लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद गंडक नदी का पानी बगहा नगर के निचले इलाकों में तेजी से फैलने लगा। बगहा नगर का कैलाशनगर क्षेत्र भी बाढ़ के पानी से जलमग्न हो गया है।क्षेत्र में कई स्थानों पर करीब साढ़े चार फीट तक पानी बह रहा है। जलस्तर में लगातार वृद्धि से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।बाढ़ का पानी कैलाशनगर रेलवे लाइन के समीप तक पहुंच गया है। यहां बगहा नगर सभापति पुष्पा गुप्ता के आवास में भी पानी प्रवेश कर गया है। आवास तक पहुंचने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।सोमवार को बगहा नगर सभापति के प्रतिनिधि पप्पू गुप्ता ने नाव से कैलाशनगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा लोगों से सुरक्षित रहने के लिए ऊंचे स्थानों पर शरण लेने की अपील की। उन्होंने लोगों से बाढ़ के पानी में अनावश्यक रूप से नहीं जाने और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।उन्होंने कहा कि गंडक नदी का पानी तेजी से रिहायशी इलाकों में फैल रहा है।गंडक बैराज से अत्यधिक पानी छोड़े जाने के बाद पूरा कैलाशनगर जलमग्न हो गया हैं।वही बगहा के सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में बाढ़ का पानी घुस गया है।जिससे बच्चों, लोगों के सामने आवागमन, सुरक्षित स्थानों पर जाने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में परेशानी उत्पन्न हो रही है। कई स्थानों पर लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है।वहीं सभापति प्रतिनिधि पप्पू गुप्ता ने अनुमंडल पदाधिकारी बगहा चांदनी कुमारी और नगर कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेज कराने तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।


