बगहा में बाढ़: एक दर्जन से अधिक वार्ड प्रभावित, राहत सामग्री के लिए शाम तक डटे रहे पार्षद।
बिहार डेस्क,बगहा। वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से रविवार की देर शाम पांच लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद बगहा नगर के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। नगर परिषद के एक दर्जन से अधिक वार्डों में पानी पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाढ़ प्रभावित परिवार सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे हैं।सोमवार को नगर परिषद के कई वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद राहत सामग्री के वितरण की व्यवस्था को लेकर कई वार्ड पार्षद प्रखंड बगहा-2 के सभागार भवन पहुंचे। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए ढाई किलो चूड़ा, एक किलो चना और आधा किलो मीठा सहित अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई जानी थी। इसके लिए पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड के प्रभावित परिवारों की सूची लिखित रूप में अंचल प्रशासन को सौंपी।इधर, बगहा नगर के वार्ड संख्या एक से नौ समेत अन्य वार्डों के कुछ पार्षदों ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि वे दोपहर से प्रखंड कार्यालय में मौजूद थे, लेकिन समय पर राहत सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई। पार्षदों का कहना था कि उनके वार्डों के कई बाढ़ प्रभावित लोग रात से ही भूखे-प्यासे रहने को मजबूर हैं। उन्होंने राहत सामग्री के वितरण में विलंब की बात कही। कुछ पार्षदों ने संबंधित वरीय अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाने की बात भी कही।मौके पर मौजूद बगहा-2 के राजस्व अधिकारी रवि प्रकाश चौधरी की मौजूदगी में कुछ वार्ड पार्षदों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची उपलब्ध कराई। इसके बाद सूची में दर्ज संख्या के अनुसार मौके पर ही राहत सामग्री की पैकिंग कर वितरण किया गया।वहीं, कई वार्ड पार्षदों को राहत सामग्री प्राप्त करने के लिए शाम तक इंतजार करना पड़ा। समय पर राहत सामग्री उपलब्ध नहीं होने को लेकर कुछ पार्षदों में नाराजगी भी देखी गई।बगहा नगर क्षेत्र में बाढ़ का पानी लगातार फैलने के बीच प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने को लेकर वार्ड पार्षदों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बनी हुई है। बाढ़ प्रभावित लोगों तक समय पर भोजन और राहत सामग्री पहुंचाना प्रशासन के सामने महत्वपूर्ण चुनौती है।वही इस संदर्भ में जानकारी के लिए बगहा अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी और बगहा दो अंचलाधिकारी वसीम अकरम से दूरभाष से सम्पर्क किए जाने पर संपर्क नहीं हो सका।



