रक्षाबंधन पर बगहा पुलिस का बहनों को तोहफा, एसपी ने अभया ब्रिगेड को दिखाई हरी झंडी,महिला सुरक्षा को लेकर शहर में बढ़ी पेट्रोलिंग, नई स्कूटी से लैस हुईं पुलिस दीदियां।
रक्षाबंधन पर बगहा पुलिस का बहनों को तोहफा, एसपी ने अभया ब्रिगेड को दिखाई हरी झंडी,महिला सुरक्षा को लेकर शहर में बढ़ी पेट्रोलिंग, नई स्कूटी से लैस हुईं पुलिस दीदियां।
बिहार डेस्क,बगहा। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर शुक्रवार को बगहा पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण पहल की। पुलिस केंद्र, बगहा में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम (अभया ब्रिगेड) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अभया ब्रिगेड में शामिल सभी पुलिस दीदियों को विभाग की ओर से नई स्कूटी भी उपलब्ध कराई गई।पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि अभया ब्रिगेड शहर में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सहायता के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।एसपी राजेश कुमार ने अभया ब्रिगेड की पुलिसकर्मियों को आमजनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़ी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना बगहा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए बगहा पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अभया ब्रिगेड की सक्रियता से महिलाओं एवं बालिकाओं को जरूरत के समय त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में काफी मदद मिलेगी। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से असामाजिक तत्वों पर भी प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा निहार भूषण सहित पुलिस विभाग के तमाम पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।






