
गंडक नदी में तेज बहाव, स्थानीय लोगों ने बीच धारा में शव दिखने का किया दावा।
—-गंडक नदी में लकड़ी समेत कई अन्य सामान भी बहते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बिहार डेस्क,बगहा। बगहा नगर के कैलाशवा बाबा कुटी स्थान के समीप शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे गंडक नदी में तेज बहाव के बीच एक शव दिखाई देने की सूचना स्थानीय लोगों ने दी। स्थानीय मछुआरे बोल्स्टर सहनी सहित अन्य लोगों ने बताया कि नदी का बहाव काफी तेज है। इसी दौरान उन्हें बीच धारा में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया।स्थानीय लोगों के अनुसार, गंडक नदी में लकड़ी समेत कई अन्य सामान भी बहते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि यदि नदी के किनारे कोई शव पहुंचता है तो वे उसे बाहर निकालकर तत्काल प्रशासन को सूचना दे रहे हैं।आपको बता दें कि हाल ही में नेपाल की त्रिशूली नदी में आई बाढ़ के बाद हुए हादसे में कई लोगों के मारे जाने और लापता होने की सूचना है। आशंका जताई जा रही है कि हादसे में लापता लोगों के शव गंडक नदी के रास्ते बहकर बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं।हालांकि, कैलाशवा बाबा कुटी के समीप स्थानीय लोगों द्वारा दिखाई देने का दावा किए गए शव की पहचान को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट सूचना दी गई है। प्रशासन की ओर से गंडक नदी में लगातार निगरानी रखी जा रही है। नदी में बहकर आने वाले शवों की सूचना मिलने पर उन्हें रेस्क्यू करने की कार्रवाई भी की जा रही है।


