चखनी रजवटिया पंचायत में पंचायत विकास दिवस का आयोजन, ग्रामीणों से लिए गए विकास संबंधी सुझाव।
बिहारडेस्क,बगहा। प्रखंड बगहा-01 के चखनी रजवटिया पंचायत के पंचायत भवन में रविवार को पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरव आलोक ने किया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार, अंचलाधिकारी रवि भूषण गौरव, स्थानीय मुखिया रवि रंजन यादव, पंचायत सचिव समेत अन्य कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने बताया कि पंचायत विकास दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा पंचायतों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सशक्त बनाना है। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम ग्रामीणों को पंचायत की विकास प्रक्रिया से सीधे जोड़ने का मंच प्रदान करता है। इससे पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के साथ ग्रामीणों की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने में मदद मिलती है।बीडीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि सितंबर माह के पंचायत विकास दिवस का थीम “आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त ग्राम पंचायत” रखा गया है। इसका उद्देश्य ऐसी आत्मनिर्भर एवं समावेशी ग्राम पंचायत का निर्माण करना है, जहां प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, स्वच्छ, सुलभ और किफायती बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके तहत सभी परिवारों को गुणवत्तापूर्ण आवास, शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं डिजिटल सेवाओं तक समान पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और आधुनिक तकनीकों के बेहतर उपयोग से टिकाऊ आधारभूत संरचना विकसित करने के साथ ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों से पंचायत के विकास से संबंधित सुझाव और उनकी आकांक्षाएं प्राप्त की गईं। प्राप्त सुझावों की सूची तैयार कर निश्चय पोर्टल पर अपलोड की जा रही है, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।मौके पर पंचायत सचिव,पंचायत रोजगार सेवक,किसान सलाहकार, कार्यपालक सहायक ज्योति कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

