संविधान के सम्मान और कर्तव्यों के पालन का संकल्प, एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को दिलाई शपथ*

संविधान के सम्मान और कर्तव्यों के पालन का संकल्प, एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को दिलाई शपथ
रिपोर्ट -दिनेश आर्या


उन्नाव। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव में संविधान के प्रति सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के पालन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा, सम्मान और उसके आदर्शों का पालन करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। इसमें निहित आदर्श, मौलिक अधिकार और मूल कर्तव्य प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों का भी बोध कराते हैं।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया कि वे संवैधानिक सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और ईमानदारी से करें। साथ ही कानून के प्रति सम्मान बनाए रखने और जनसेवा की भावना से कार्य करने का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी आयुष श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बीघापुर व लाइन प्रदीप कुमार, प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय सहित रिजर्व पुलिस लाइन के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




