Unnao

6100 महिलाओं के मंगल कलश से गूंजा उन्नाव, भव्य शोभायात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का आगाज

सदर विधायक पंकज गुप्ता के नेतृत्व में निकली धार्मिक यात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती से हुआ स्वागत; देवकीनंदन ठाकुर महाराज करेंगे कथा का वाचन

 

रिपोर्ट – दिनेश आर्या

उन्नाव। शहर में धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा का अनूठा दृश्य उस समय देखने को मिला, जब श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले 6100 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भव्य यात्रा में हिस्सा लिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, शंखनाद, भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच निकली इस यात्रा ने शहर के विभिन्न मार्गों को भक्तिमय बना दिया।
सदर विधायक पंकज गुप्ता की अगुवाई में कलश यात्रा का शुभारंभ उनके कैंप कार्यालय से हुआ। यहां से यात्रा बड़े श्री हनुमान मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद जयकारों के साथ यात्रा आगे बढ़ी। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने घरों से पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और माताओं-बहनों का अभिनंदन किया।
इस आयोजन का विशेष आकर्षण 6100 महिलाओं की सहभागिता रही। एक साथ मंगल कलश धारण कर चल रहीं महिलाओं की कतारों ने धार्मिक आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और वातावरण भक्ति संगीत तथा जयघोष से गूंजता रहा।
कलश यात्रा में शांति दूत धर्मरत्न देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज, सदर विधायक पंकज गुप्ता, सांसद डॉ. स्वामी साक्षी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, अमितेश सिंह नंदू, विमल द्विवेदी, अमित मिश्रा, अखिलेश अवस्थी, बिछिया ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। यात्रा के दौरान पोथी को सूर्यांश सपत्नीक लेकर चल रहे थे।
कथा स्थल पर पहुंचने के बाद कथा संयोजक विधायक पंकज गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी रश्मि गुप्ता ने विधि-विधान से व्यास पीठ का पूजन-अर्चन किया। इसके साथ ही श्रीमद्भागवत कथा के धार्मिक आयोजन का शुभारंभ हुआ।
इस विशाल धार्मिक आयोजन के यजमान सदर विधायक पंकज गुप्ता हैं। सुप्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।
शहर में निकली इस कलश यात्रा ने धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सहभागिता और सामूहिक आस्था की तस्वीर भी प्रस्तुत की। पूरे यात्रा मार्ग पर हुए स्वागत, पुष्पवर्षा और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!