बथवरिया थाना:प्रेम प्रसंग और पैसों के विवाद में हुई युवक रंगीला यादव की हत्या, हत्या को आत्महत्या का रूप देने की थी साजिश, एक आरोपी गिरफ्तार- एसपी बगहा
बथवरिया थाना क्षेत्र के शेरा बाजार स्थित पेड़ से लटके मिले शव मामले का बगहा पुलिस ने किया सफल उद्भेदन,एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी।
प्रेम प्रसंग और पैसों के विवाद में हुई युवक रंगीला यादव की हत्या, हत्या को आत्महत्या का रूप देने की थी साजिश, एक आरोपी गिरफ्तार- एसपी बगहा
बिहार डेस्क,बगहा।शनिवार को बगहा पुलिस जिला के बथवरिया थाना क्षेत्र के शेरा बाजार स्थित आम के पेड़ में लटके मिले युवक के शव मामले का बगहा पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। शनिवार को पुलिस मुख्यालय बगहा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची गई थी।एसपी ने बताया कि विगत 27 मई 2026 को बथवरिया थाना क्षेत्र के शेरा बाजार में एक युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामनगर रागिनी कुमारी एवं बथवरिया थानाध्यक्ष अनुपम कुमार राय और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर घटनास्थल पहुंचे।शव की पहचान रंगीला यादव, पिता प्रवेश यादव, निवासी चन्द्रौल, थाना नवलपुर के रूप में हुई।मृतक के पिता के आवेदन पर बथवरिया थाना कांड संख्या-43/2026 दिनांक 27.05.2026 को भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 103(1)/3(5) के तहत तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले के अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं सूचना संकलन के आधार पर प्राथमिकी अभियुक्त राजन यादव,पिता साहेब यादव निवासी पुरबवारी बथवरिया को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ के दौरान राजन यादव ने बताया कि मृतक रंगीला यादव उसकी पत्नी से शादी से पहले से ही मोबाइल पर बातचीत करता था। उसने अपनी पत्नी को मृतक से संपर्क नहीं रखने की हिदायत दी थी, लेकिन बातचीत जारी रहने के कारण पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट भी हुई थी। वहीं प्राथमिक अभियुक्त सुधीर उर्फ कन्च्छेदा यादव, निवासी नवलपुर का मृतक से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।एसपी के अनुसार दोनों आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत मृतक को गोरखपुर से मेला देखने के बहाने बुलाया। इसके बाद राजन यादव ने अपनी पत्नी के मोबाइल से आवाज बदलकर मृतक को रात में एक बगीचे में बुलाया, जहां राजन और सुधीर ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद घटना को आत्महत्या दर्शाने के उद्देश्य से मृतक के गमछे से शव को आम के पेड़ पर लटका दिया गया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर 29 मई 2026 को राजन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,रामनगर रागिनी कुमारी, अंचल निरीक्षक,रामनगर अभय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सह बथवरिया थानाध्यक्ष अनुपम कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक नीतू कुमारी तथा बथवरिया थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।एसपी रामानंद कौशल ने कहा कि मामले के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए कांड का पूर्ण निष्पादन किया जाएगा।


