चखनी रजवटिया: आम के बगीचे की रखवाली कर रहे वृद्ध की निर्मम हत्या, इलाके में फैली सनसनी, छानबीन में जुटी बगहा पुलिस।
बिग अपडेट,बगहा। बगहा नगर थाना क्षेत्र के चखनी रजवटिया गांव में आम के बगीचे की रखवाली कर रहे एक वृद्ध की अज्ञात अपराधियों द्वारा निर्मम हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह बगीचे में खून से लथपथ शव मिलने के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।मृतक की पहचान 62 वर्षीय पुत्र जीर्जोधन साह उर्फ कशैली साह पिता स्वर्गीय चन्नू शाह, चखनी,वार्ड संख्या 06 बगहा थाना के निवासी के रूप में हुई है। समाचार के मुताबिक वह पूर्व मुखिया अजय पांडे, आलोक मिश्रा एवं मदन मिश्रा के बगीचे की सात वर्षों से रखवाली करते आ रहे थे।परिजनों के अनुसार जीर्जोधन साह मंगलवार की रात लगभग 9 बजे भोजन करने के बाद रोजाना की तरह बगीचे की रखवाली के लिए गए थे। बुधवार सुबह जब कुछ स्थानीय ग्रामीण अहले सुबह टहलने निकले तो उन्होंने बगीचे में शव पड़ा देखा।शव के आसपास खून फैला हुआ था तथा ताश के पत्ते भी बिखरे मिले, जिसके बाद घटना की सूचना गांव और पुलिस प्रशासन को दी गई।घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण चौकीदार हेमनारायण ने नगर थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,बगहा (एसडीपीओ) निहार भूषण, नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, पुलिस बल एवं फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया।परिजनों ने बताया कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई है। मृतक के दाहिने हाथ की हड्डियां कई जगह से टूटी हुई थीं। सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। कान कटे हुए थे तथा निजी अंगों को भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त किया गया था। शरीर पर कई जगह कटने और चोट के निशान पाए गए हैं।इनका किसी से कोई विवाद नहीं था।लेकिन परिजनों ने इस घटना शामिल अज्ञात अपराधियों चिन्हित करते हुए सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की हैं। एसडीपीओ बगहा निहार भूषण ने इस संदर्म में बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद घटना के कारणों और परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और जांच में जुटी हुई है।











