देश सेवा में तैनात जवान की पुश्तैनी जमीन पर दबंगों का कब्जा, विरोध करने पर मिली धमकी

देश सेवा में तैनात जवान की पुश्तैनी जमीन पर दबंगों का कब्जा, विरोध करने पर मिली धमकी

उन्नाव के नवाबगंज कस्बे में एक भारतीय सैनिक की कीमती पुश्तैनी जमीन पर भूमाफियाओं द्वारा जबरन कब्जा करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित सैनिक सोमवार को अपनी मां के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी घनश्याम मीणा से मिलकर न्याय की गुहार लगाई।
सैनिक का आरोप है कि उसकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर दबंग भूमाफियाओं ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया। जब उसने इसका विरोध किया, तो उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि हसनगंज तहसील प्रशासन ने मामले में लापरवाही बरती और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
सैनिक ने जिलाधिकारी से मांग की है कि कब्जा हटाकर जमीन को मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उसने कहा कि वह देश की सुरक्षा में तैनात है, लेकिन पीछे उसकी संपत्ति सुरक्षित नहीं है, जो बेहद चिंता का विषय है।
वहीं, जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है।


