कुछ मिनटों की आईपीएस अधिकारी बनी छात्रा अमृता, पुलिस अधीक्षक,बगहा निर्मला कुमारी की पहल ने छात्रा के सपनों को दी नई उड़ान
कुछ मिनटों की आईपीएस अधिकारी बनी छात्रा अमृता, पुलिस अधीक्षक,बगहा निर्मला कुमारी की पहल ने छात्रा के सपनों को दी नई उड़ान।
बगहा में छात्रा अमृता बनी कुछ मिनटों की एसपी, प्रभारी एसपी की कुर्सी पर बैठकर सुनी लोगों की समस्याएं।
बिहार डेस्क,बगहा। सपने वही नहीं होते जो नींद में देखे जाते हैं, बल्कि सपने वे होते हैं जो इंसान को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। ऐसा ही एक प्रेरणादायक दृश्य बगहा पुलिस जिला मुख्यालय में देखने को मिला, जहां कस्तूरबा आवासीय विद्यालय परसा बगहा-1 की आठवीं कक्षा की छात्रा अमृता कुमारी का आईपीएस अधिकारी बनने का सपना कुछ मिनटों के लिए साकार हो गया।
छात्र अमृता कुमारी ने प्रभारी पुलिस अधीक्षक,बगहा निर्मला कुमारी से अपनी इच्छा जताई थी कि वह बड़ी होकर पुलिस अधिकारी बनना चाहती है और समाज की सेवा करना चाहती है। छात्रा की इसी आकांक्षा को सम्मान देते हुए बगहा एसपी निर्मला कुमारी ने उसे कुछ समय के लिए पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक की कुर्सी पर बैठने का अवसर दिया। इस दौरान छात्र अमृता ने एसपी कार्यालय की कार्यशैली को करीब से देखा और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की साथ ही अमृता ने पूरे उत्साह के साथ वहां आए लोगों की समस्याएं सुनीं और पुलिस प्रशासन के काम करने के तरीके को करीब से समझा।प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने छात्रा का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों के सपनों को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास है।कुछ मिनटों के लिए एसपी बनने का अवसर पाकर छात्रा अमृता कुमारी बेहद उत्साहित दिखी। उसने कहा कि अब उसका सपना और मजबूत हो गया है तथा वह मेहनत कर भविष्य में एक ईमानदार आईपीएस अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करना चाहती है।इस पहल की स्थानीय लोगों एवं शिक्षकों ने भी सराहना की। लोगों का कहना है कि बगहा एसपी द्वारा इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सकारात्मक दिशा देने का काम करते हैं। विद्यालय परिवार ने भी बगहा पुलिस के इस प्रयास को प्रेरणादायक बताते हुए धन्यवाद दिया।बगहा पुलिस की यह पहल अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और कई बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।


