परियर में पेयजल संकट गहराया, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण

परियर में पेयजल संकट गहराया, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण

परियर, उन्नाव। विकास खंड सिकंदरपुर सरोसी की ग्राम पंचायत परियर में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। गांव के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत योजनाएं कागजों तक सीमित हैं और धरातल पर लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
स्थिति इतनी गंभीर है कि 60 वर्ष की उम्र पार कर चुके बुजुर्गों को भी लगभग दो किलोमीटर दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। तपती धूप में सिर पर पानी ढोते ग्रामीणों की परेशानी साफ दिखाई दे रही है। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के अधिकारी एयर कंडीशन कमरों में बैठकर योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं, जबकि गांवों में लोग प्यास से बेहाल हैं। ग्रामीणों ने अधिकारियों से गांव का दौरा कर जल्द पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

