बगहा में फर्जी ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार।
54 दिन में पैसा दोगुना करने का झांसा, व्हाट्सएप-टेलीग्राम से चल रहा था ठगी का नेटवर्क
बगहा में फर्जी ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार।
54 दिन में पैसा दोगुना करने का झांसा, व्हाट्सएप-टेलीग्राम से चल रहा था ठगी का नेटवर्क।
स्पेशल रिपोर्ट,बगहा।बगहा पुलिस ने फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि लौकरिया थाना क्षेत्र के हरनाटांड़, रामपुर में DSJ Exchange और BG Wealth Sharing नामक फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म चलाया जा रहा है। रामनगर एसडीपीओ एवं साइबर थाना की टीम ने जांच में ठगी के नेटवर्क का खुलासा किया। गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर लिंक भेजकर लोगों को DSJ Exchange से जोड़ते थे। भारतीय मुद्रा को USDT क्रिप्टो करेंसी में बदलकर निवेश कराया जाता था। लगभग 54 दिनों में रकम दोगुनी होने का लालच दिया जाता था। नेटवर्किंग सिस्टम के तहत नए लोगों को जोड़ने पर बोनस का प्रलोभन देकर 500-600 लोगों को जोड़ा गया। गिरोह Tiranga एवं BDG Gaming App के लिंक शेयर कर अवैध कमाई का झांसा देता था। शुरुआत में गेम जिताकर ज्यादा निवेश करवाया जाता था। ट्रांजेक्शन Tronlink Pro ऐप से USDT में कन्वर्ट होता था।छापेमारी में आरोपियों के मोबाइल और डायरी से फर्जी ऐप, कोड लिंक, व्हाट्सएप चैट, टेलीग्राम ग्रुप के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। साइबर थाना बगहा में कांड सं-13/26, दिनांक 03.06.2026, धारा-61(2)/318(4)/112(2)/3(5) बीएनएस व 66(C)/66(D) आईटी एक्ट 2000, 5/7 प्रमोशन एंड रेगुलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट 2025 के तहत केस दर्ज है। DSJ Exchange से संबंधित एक मामला सूरत, गुजरात के साइबर थाना में भी दर्ज है।पुलिस ने 45 वर्षीय भृगुनाथ दीक्षित हरनाटाड़, 26 वर्षीय राजेश कुमार बैरिया खुर्द, 38 वर्षीय पप्पु कुमार बलुआ,32 वर्षीय राजु गुप्ता उर्फ अमरेन्द्र कुमार साह रामपुर रबीनी बेलास वार्ड न. 04 और 44 वर्षीय श्याम सुंदर चौधरी नारायणगढ़ सभी थाना लौकरिया को गिरफ्तार किया गया है।जिनके पास से पांच मोबाइल,एक डायरी और मोबाईल से प्राप्त आवश्यक दस्तावेज बरामद किया गया हैं। इस छापामारी दल में एसडीपीओ रामनगर रागिनी कुमारी, साइबर थाना के पु०अ०नि० सर्वेश कुमार, पु०अ०नि० नेहा प्रिया, लौकरिया थाना के पु०अ०नि० मनोज कुमार, गृह रक्षक हीरा लाल यादव और पिंकु कुमार यादव शामिल रहे।एसपी ने बताया कि गुजरात राज्य साइबर थाना, सूरत में भी डीएसजे एक्सचेंज के बीजी वेल्थ शेयरिंग में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का कांड संख्या 34/26, दिनांक-10.05.2026 दर्ज है।एसपी रामानंद कुमार कौशल ने बगहा पुलिस जिले के आम लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना या ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म में पैसा लगाने से पहले उसकी सत्यता जांच लें। संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या साइबर थाना को दें।



