फर्जी बैंक खातों के जरिए साइबर अपराध का खुलासा, बैंक अधिकारियों समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज

कानपुर नगर से बड़ी खबर
फर्जी बैंक खातों के जरिए साइबर अपराध का खुलासा, बैंक अधिकारियों समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज

सूर्या न्यूज़ 24 | कानपुर नगर से नफीस खान
कानपुर नगर साइबर थाना में दिनांक 08 जून 2026 को मु0अ0सं0 36/2026 पंजीकृत किया गया। शिकायतकर्ता ज्ञान सिंह को संदिग्ध बैंक लेन-देन के संबंध में नोटिस प्राप्त होने पर मामले की जांच की गई। जांच में सामने आया कि उनके आधार कार्ड एवं पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से बैंक खाता खोला गया था।
पुलिस जांच में पाया गया कि खाता खोलने के लिए प्रस्तुत दस्तावेजों में छेड़छाड़ की गई थी तथा फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया था। मामले की गहन पड़ताल के दौरान ऐसे कई अन्य बैंक खाते भी चिन्हित किए गए, जिनमें साइबर अपराध से संबंधित बड़ी धनराशि का लेन-देन पाया गया।
प्रारंभिक जांच में बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। साथ ही संबंधित बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत के संकेत भी मिले हैं।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर फेडरल बैंक, अशोक नगर शाखा के संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों तथा अन्य आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में चिन्हित अन्य संदिग्ध खातों की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बाइट: श्रीमती अंजली विश्वकर्मा, अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध), कमिश्नरेट कानपुर नगर।


