” पहले ही दौरे में प्रभारी मंत्री के सख्त संदेश—काम में लापरवाही नहीं, जनता को मिलना चाहिए योजनाओं का पूरा लाभ”।
अधिकारियों को जवाबदेही का पाठ, महिला सुरक्षा, पर्यावरण और विकास योजनाओं पर दिए स्पष्ट निर्देश

” पहले ही दौरे में प्रभारी मंत्री के सख्त संदेश—काम में लापरवाही नहीं, जनता को मिलना चाहिए योजनाओं का पूरा लाभ”।

अधिकारियों को जवाबदेही का पाठ, महिला सुरक्षा, पर्यावरण और विकास योजनाओं पर दिए स्पष्ट निर्देश
रिपोर्ट-दिनेश आर्या ब्यूरो चीफ
उन्नाव। जनपद की प्रभारी मंत्री
बनने के बाद पहली बार उन्नाव पहुंचीं रजनी तिवारी ने विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा एवं परिचय बैठक में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की। पहली ही बैठक में मंत्री के सख्त तेवर देखने को मिले। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में घनश्याम मीणा, पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन किया और कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित की जाएं।
मीडिया से बातचीत में रजनी तिवारी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। करोड़ों पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की भी मजबूत व्यवस्था की जाएगी ताकि पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सफल हो सके।
महिला अपराधों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं फैक्ट्रियों से निकलने वाले दूषित पानी और प्रदूषण संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।


