प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने ईंधन बचत पर दिया जोर, राहुल गांधी के बयान पर बोले-केवल भारत का नहीं, पूरी दुनिया का संकट है

प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने ईंधन बचत पर दिया जोर, राहुल गांधी के बयान पर बोले-केवल भारत का नहीं, पूरी दुनिया का संकट है

उन्नाव। प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार दोपहर विकास भवन पहुंचकर जिले में चल रहे विकास और राहत कार्यों की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए देश में ईंधन बचत, वैश्विक आर्थिक संकट और हाल ही में आए आंधी-तूफान पर सरकार का पक्ष रखा। इस समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पत्रकारों ने राहुल गांधी के उस बयान पर सवाल पूछा, जिसमें उन्होंने ईंधन बचत की अपील को प्रधानमंत्री की विफलता बताया था। इस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह केवल भारत का नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का संकट है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और अन्य ऊर्जा संसाधनों का एक बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात किया जाता है, और वैश्विक हालात का असर भारत पर भी पड़ता है। मंत्री ने होर्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ईंधन की कीमतों और उपलब्धता पर सीधा असर पड़ रहा है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से ईंधन की बचत करने और अनावश्यक खर्चों से बचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सोने की खरीद पर संयम रखने की बात भी इसलिए कही गई है, ताकि आयात कम हो और भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहे। उन्होंने जोर दिया कि अधिक आयात से डॉलर मजबूत और रुपया कमजोर होगा, जिसका देश की आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सरकारी स्तर पर भी ईंधन बचत के प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री ने बताया कि वह स्वयं एक ही वाहन से उन्नाव पहुंचे और प्रशासन को निर्देश दिया कि उनके स्वागत के लिए अधिक गाड़ियां न भेजी जाएं। उन्होंने दावा किया कि इस कदम से लगभग 200 लीटर डीजल की बचत हुई है। प्रभारी मंत्री ने आम जनता से भी अपील की कि वे देशहित में पेट्रोल और डीजल की बचत करें तथा इसे राजनीतिक मुद्दा न बनाएं। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने 13 तारीख की रात आए तेज आंधी-तूफान में हुई जनहानि का भी जिक्र किया।


