बगहा:पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान की 10वीं वर्षगांठ पर 667 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच, हरनाटांड़ पीएचसी बगहा-02 जिले में रहा अव्वल।

बिहार डेस्क,बगहा।मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) की 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़, बगहा-2 अंतर्गत सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) शिविर का आयोजन किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ के बी एन सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत प्रत्येक गर्भवती महिला की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। शिविर में गर्भवती महिलाओं का वजन, रक्तचाप,हीमोग्लोबिन,ब्लड ग्रुप एवं आरएच टाइपिंग,रक्त शर्करा, मूत्र जांच, एचआईवी, सिफिलिस,हेपेटाइटिस-बी सहित विभिन्न आवश्यक चिकित्सीय जांचें की गईं। इसके अलावा गर्भस्थ शिशु की हृदय गति, पेट की जांच तथा आवश्यकता अनुसार अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। अभियान के दौरान उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान कर संबंधित महिलाओं को विशेष चिकित्सकीय परामर्श दिया गया साथ ही आयरन, कैल्शियम एवं अन्य आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया तथा टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए पोषण एवं सुरक्षित प्रसव संबंधी जानकारी भी दी गई।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के.बी.एन. सिंह ने बताया कि पीएचसी हरनाटांड़ बगहा दो अंतर्गत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में कुल 667 गर्भवती महिलाओं की जांच और 14 एचआरपी जांच की गई। जांच के बाद सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को आवश्यक दवाइयां एवं डॉक्टरों और एएनएम द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत आयोजित इस विशेष शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हरनाटांड़ पीएचसी बगहा दो पश्चिम चंपारण जिले में प्रथम स्थान पर रहा, जो स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।मौके पर स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार,चिकित्सा पदाधिकारी रणवीर सिंह, डॉ अरशद कमाल, डॉ ज्योति कुमारी,डॉ फातिमा सहित तमाम एएनएम और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।




