अवैध शराब के खिलाफ एक्शन मोड में आबकारी विभाग, मुकदमा दर्ज

अवैध शराब के खिलाफ एक्शन मोड में आबकारी विभाग, मुकदमा दर्ज


उन्नाव। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की और लगभग 300 किलोग्राम लहन (महुआ) को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र ने बताया कि आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, संयुक्त आबकारी आयुक्त लखनऊ जोन एवं उप आबकारी आयुक्त लखनऊ प्रभार के निर्देशों के क्रम में यह अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक रॉबिन आर्या (रायबरेली), पी.पी. टंडन (क्षेत्र-3 सफीपुर) एवं निशांत सिंह (क्षेत्र-4 पुरवा) की संयुक्त टीम ने थाना मौरावां क्षेत्र के ग्राम असरेंदा और बरेंदा में सई नदी के किनारे छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान 16 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में एक अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार किए जा रहे लगभग 300 किलोग्राम लहन महुआ को भी मौके पर नष्ट कर दिया गया।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


