
🚨 बड़ी खबर | कानपुर नगर
ट्यूबवेल इंजन और ट्रांसफार्मर के पार्ट्स चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार?
सूर्या न्यूज 24 | कानपुर नगर से नफीस खान
कानपुर कमिश्नरेट की बिल्हौर थाना पुलिस ने ट्यूबवेल इंजनों और ट्रांसफार्मरों के पार्ट्स चोरी करने वाले एक कथित अंतर्जनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त की रात ट्रांसफार्मर और किसानों के खेतों में लगे विद्युत मोटरों के हेड चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम और फील्ड यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों—अमित भारद्वाज उर्फ राजेश शर्मा, अंकित अग्रहरी, शिवम चौरसिया, राकेश ठाकुर और प्रांशु सोनकर—को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अमित भारद्वाज उर्फ राजेश शर्मा गिरोह का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से डाला वाहन, चोरी किए गए मोटर हेड, ट्रांसफार्मर से निकाला गया कॉपर वायर, मोबाइल फोन और ₹3,280 नकद सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों के अभ्यस्त अपराधी होने और विभिन्न जनपदों में उनके विरुद्ध पूर्व में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, पुलिस के अनुसार आरोपियों के मोबाइल चैट और फोटो के विश्लेषण में बिहार और राजस्थान से अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त से जुड़े कुछ तथ्य भी सामने आए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच के साथ-साथ अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए ₹25,000 के पुरस्कार की घोषणा की गई है।
बाइट — पुलिस उपायुक्त पश्चिम, श्री एस.एम. कासिम आबिदी।


